तीन साथियों के साथ पार्वती घाटी के मानतलाई ट्रैक पर गया था साहिल
टुंडाभुज में हुआ लापता, एक साथी ने मणिकर्ण थाने में आकर दी सूचना
युवक की तलाश में जुटी पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय रेस्क्यू टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के मानतलाई के टुंडाभुज नामक जगह से शिमला के नारकंडा का एक युवक लापता हो गया है। इसकी सूचना लापता हुए ट्रैकर साहिल के दूसरे साथी ने वीरवार को मणिकर्ण पुलिस थाना में आकर दी। पुलिस ने स्थानीय रेस्क्यू दल के साथ युवक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार साहिल (28) निवासी कंडयाली नारकंडा, जिला शिमला अपने तीन साथियों के साथ मणिकर्ण के खीरगंगा ट्रैक से 11 मई को मानतलाई के लिए रवाना हुआ था। 13 मई को सुबह साहिल टुंडाभुज नामक स्थान पर अन्य साथियों से बिछड़ गया। साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश करने के बाद भी कोई पता नहीं लगा तो एक युवक वीरवार सुबह मणिकर्ण पुलिस थाना पहुंचा और साहिल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद मणिकर्ण पुलिस, जरी दमकल विभाग की टीम और स्थानीय रेस्क्यू टीम युवक की तलाश के लिए रवाना हो गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि पुलिस स्थानीय रेस्क्यू दल के साथ लापता युवक की तलाश कर रही है, मगर अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है।