कुल्लू। जिले में सड़कों के अवरुद्ध होने का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। दो हाईवे समेत 44 सड़कों पर यातायात बंद है। मंगलवार को जिले में बर्फबारी और बारिश नहीं हुई, मगर दिनभर बादल छाए रहे। इससे शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड पड़ गई है।
लाहौल जिले में माइनस तापमान में शीतलहर का प्रकोप सबसे अधिक झेलना पड़ रहा है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सिस्सू से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। इसे अभी फोर बाई फोर वाहनों के लिए खोला जा रहा है। पिछले सप्ताह जिला लाहौल-स्पीति में हुई भारी बर्फबारी के बाद जनजीवन को पटरी में आने में अभी इंतजार करना होगा।
लाहौल में अभी करीब 130 सड़कों पर बर्फ बिछी होने से निगम की बसें केलांग डिपो में खड़ी हैं। कुल्लू जिले में मनाली-अटल टनल-केलांग हाईवे तीन, औट-बंजार-सैंज हाईवे तीन सभी तरह के वाहनों के लिए अवरुद्ध है। इसके अलावा बंजार में नौ, कुल्लू में 13, मनाली में 13 तथा बाह्य सराज आनी में पांच सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
ऐसे में लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। स्कूली बच्चों के साथ आम लोगों को पैदल सफर कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। लारजी इलाके में तीन और गड़सा के शिलागढ़ में बिजली का एक ट्रांसफार्मर बंद है। बिजली न होने से इन इलाकों में लगभग 10 गांव चार से पांच दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। जिला प्रशासन ने पर्यटकों और आमजनों से बर्फ वाले इलाकों से दूर रहने की हिदायत दी है।
.....
ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। ऐसे में अभी हिमखंड का खतरा टला नहीं है। इसलिए लोग अनावश्यक आवाजाही न करें।
-अश्वनी कुमार, एडीएम कुल्लू