कुल्लू। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आई है। मंगलवार को 127 संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात दी है। कुल्लू में लगातार दूसरे दिन 100 से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसके चलते कोरोना के सक्रिय मामले 692 से घटकर 605 रह गए हैं।
यह जरूर है कि जिले में कोरोना के पॉजिटिव मामले भी थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रोजाना दर्जनों लोग कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। कोरोना और ओमिक्रॉन के बढ़ते मामले स्वास्थ्य विभाग के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। मंगलवार को 37 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं, लेकिन बड़ी संख्या में संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात भी दी है।
गौरतलब है कि संक्रमण की रोकथाम के लिए स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से आने वालों के सैंपल लिए जा रहे हैं। लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने के लिए विभागीय कर्मचारी निरंतर कार्य कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिलाभर में 221 लोगों के सैंपल लिए थे। जिनमें 37 पॉजिटिव और 184 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। जिले में अब तक 11287 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिनमें 10512 मरीज स्वास्थ हो चुके हैं। कुल्लू में अभी 605 मामले सक्रिय चल रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि कोरोना से बचाव की तैयारियां पूरी हैं। कहा कि लोग कोरोना नियमों का पालन करें और संक्रमण की चपेट में आने से बचें।