पुलिस अधीक्षक और शिक्षा उपनिदेशक ने किया सम्मानित
अमर उजाला, नालंदा नेक्स्टजेन संस्थान ने करवाया कार्यक्रम
अटल सदन में खिले बच्चों, अध्यापकों और अभिभावकों के चेहरे
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय ढालपुर स्थित अटल सदन में अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। यह समारोह अमर उजाला, नालंदा नेक्स्टजेन सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुल्लू एवं एपीसी एकेडमी घुमारवीं की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।
इसके अलावा इसमें मिनर्वा स्टडी सर्किल, आर्यन द गुरु हमीरपुर, संजय चौहान गवर्नमेंट कांट्रेक्टर जाहू जिला हमीरपुर आदि सह प्रायोजक रहेे। एक दिसंबर को आयोजित इस समारोह में हिमाचल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड की कक्षा नौवीं से 12वीं तक के 350 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
सम्मान समारोह की शुरुआत मुख्यातिथि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल और विशेष अतिथि मेधावी उच्च शिक्षा विभाग कुल्लू के उपनिदेशक देश राज डोगरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद भारत भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुल्लू के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मुख्यातिथि पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल, उपनिदेशक शिक्षा देश राज डोगरा एडीपीओ किशन लाल, नालंदा नेक्स्टजेन सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुल्लू के प्रधानाचार्य डॉ. निरंजन देव ने मेधावी विद्यार्थियों को पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के अलावा शिक्षकों और अभिभावकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने सम्मान के साथ सेल्फी भी ली।
आपकी उर्जा और सकारात्मक सोच ही आने वाले समय में आपको सफल बनाएगी। पुलिस ने चिट्टा जैसे जहर को समाप्त करने के लिए अभियान चलाया हुआ है। नशे के खिलाफ अगर आपके पास कोई भी सूचना है तो आप उसे पुलिस से साझा करें। हमने मिलकर कुल्लू ही नहीं, समूचे हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाना है। सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा।
- मदन लाल कौशल, पुलिस अधीक्षक
छठी से व्यावसायिक शिक्षा का प्रयास : डोगरा
विद्यालयों में नौवीं कक्षा से व्यावसायिक कक्षाएं लगाई जा रहीं हैं लेकिन अब विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल में निपुण बनाने के लिए छठी से ही इसकी शुरुआत करने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यार्थी जीवन में सफल बनने के लिए एक लक्ष्य को तय करें और उसे पाने के लिए हर संभव प्रयास करें। -देश राज डोगरा, उच्च शिक्षा उपनिदेशक
नालंदा नेक्स्टजेन ने 21 सितंबर को टेलेंट हंट परीक्षा का आयोजन किया था। इसमें सातवीं से दसवीं कक्षा तक करीब 300 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। दसवीं कक्षा में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों को नालंदा की ओर से सम्मानित किया गया। ये विद्यार्थी अब नालंदा की तरफ से प्रवेश के समय छात्रवृत्ति के हकदार रहेंगे। - डॉ. निरंजन देव, प्रधानाचार्य नालंदा नेक्स्टजेन
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान पाकर गर्व महसूस कर रही हूं। शिक्षा उपनिदेशक की बातों से प्रोत्साहन मिला है। अब भविष्य में सफल होने के लिए एक गाेल तय करूंगी और उसी पर फोकस रहेगा। - सोहना
अमर उजाला ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान देकर उनका मनोबल बढ़ाया है। पुलिस अधीक्षक और शिक्षा उपनिदेशक से सम्मान पाना एक सपने का साकार होना है। भविष्य में भी ऐसे ही मेहनत करूंगी। -स्नेहा शुक्ला
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान पाकर नई ऊर्जा मिली है। समारोह में सम्मानित होने का अवसर मिला। इसके अलावा समारोह में मुख्यातिथियों की बातों से बहुत सी शंकाएं दूर हुई हैं और सीखने को मिला। - तनुज
सम्मान पाकर बेहतर करने की सीख मिली है। मुख्य वक्ताओं की बातों ने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी है। अमर उजाला का यह सम्मान हमेशा उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। -ईशान