संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू में शिक्षा विभाग पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यालयों में 524 पदों पर मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती करेगा। इसके लिए विगत दस अप्रैल से अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जा रहे हैं।
20 दिनों के भीतर ही 3,109 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग कुल्लू के पास आवेदन जमा करवा दिए हैं, जबकि आवेदन प्रक्रिया अभी पांच दिन और चलेगी। अभ्यर्थी सात मई तक आवेदन जमा करवा सकते हैं। अभ्यर्थी को आवेदन संबंधित क्षेत्र के खंड प्रारंभिक अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाना होगा।
प्रारंभिक शिक्षा कुल्लू के उपनिदेशक डॉ. सुरजीत राव ने बताया कि राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं में पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर के पदों को भरने के लिए प्रक्रिया चली है। जिले के छह शिक्षा खंडों की प्राथमिक व माध्यमिक पाठशालाओं में इन पदों के लिए इच्छुक उम्मीदवार अपने-अपने आवेदन पत्र संपूर्ण दस्तावेजों सहित संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में सादे कागज पर दो फोटो सहित जमा करवा सकते हैं। कहा कि अब तक विभाग के पास शिक्षा खंड कुल्लू-1, कुल्लू-2, निरमंड, आनी, बंजार और नग्गर से 3,109 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
ये दस्तावेज रहेंगे अनिवार्य
मल्टी टास्क वर्कर पद के लिए अभ्यर्थी को घर से स्कूल की दूरी, पंचायत सचिव की ओर से जारी स्कूल और वार्ड नंबर, शैक्षणिक योग्यता, विधवा, अति निर्धन, एकल नारी, अनाथ, दिव्यांग, एससी (अनुसूचित जाति), एसटी (अनुसूचित जनजाति), ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) से संबंधित प्रमाणपत्र संलग्न करने होंगे। अभ्यर्थियों के लिए यह अनिवार्य रहेगा।