कोकसर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में दूसरे दिन रविवार को बर्फबारी का दौर जारी रहने से घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। मार्च महीने में हो रही बर्फबारी से घाटी में पारा लुढ़कने से ठिठुरन भी एकाएक बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय केलांग, कोकसर, सिस्सू, खंगसर और गोंधला के साथ पट्टन घाटी के जाहलमा, तांदी व गोशाल तोद घाटी के जिस्पा, दारचा में भी दोपहर बाद से बर्फबारी होने की सूचना है। उधर, घाटी की सीबी रेंज की पहाड़ियों के साथ-साथ घेपन पीक, बारालाचा पास, कुंजम पास, मुंकिला, शिगरी ग्लेशियर, छतडू, हाम्टा पास, विश्व विख्यात चंद्रताल और सूरजताल झील में भी बर्फ की परत जम गई है। कोकसर पंचायत के पूर्व पंच सुरेंद्र कटोच ने बताया कि रोहतांग सुरंग निर्माण स्थल उत्तरी छोर गुफा होटल में भी रविवार की सुबह से हल्की बर्फबारी शुरू हो गई थी।