कुल्लू। जिले में एक सप्ताह के भीतर 103 संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात दी है। संक्रमित मरीजों का तेजी से स्वस्थ होना कुल्लू के लिए राहत भरी खबर है। रोजाना कोरोना के जितने संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं, उससे अधिक संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं। इससे जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों में भी कमी आई है।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में बनाए गए डेडिकेटेड कोविड स्वास्थ्य केंद्र (डीसीएचसी) में भी महज छह ही मरीज उपचाराधीन हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जो लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं, वे अधिक गंभीर नहीं हुए। जिले में विगत शनिवार तक कोरोना के 105 सक्रिय मामले थे। इनमें छह मरीज डीसीएचसी कुल्लू और 99 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
गौरतलब है कि जिला कुल्लू में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। विकास खंड नग्गर, कुल्लू, बंजार, आनी और निरमंड में शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक विभागीय कर्मी अपनी पहुंच बनाए हुए हैं। वैक्सीनेशन, सैंपलिंग के साथ लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान जारी है। इतना ही नहीं जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है, उनकी पहचान करने की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। पहचान करने के उपरांत छूटे हुए लोगों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी। डीसीएचसी प्रभारी डॉ. विकास डोगरा ने कहा कि जिले में कोरोना के मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं। कोविड सेंटर में छह संक्रमित मरीज ही उपचाराधीन हैं। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि लोग वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आएं। वैक्सीन से संक्रमित होने का खतरा कम हो जाएगा। विभाग रोजाना जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित कर लोगों को घर-द्वार पर ही वैक्सीन की सुविधा मुहैया करवा रहा है।
कब कितने मरीज हुए स्वस्थ
दिन स्वस्थ मरीज
रविवार 30
सोमवार 11
मंगलवार 10
बुधवार 6
वीरवार 10
शुक्रवार 12
शनिवार 24