हाईकोर्ट के आदेशों के बाद की जा रही अवैध कब्जों की निशानदेही के दौरान मंगलवार को तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और टीम को लौटना पड़ा। एक व्यक्ति ने वन और राजस्व विभाग की टीम को निशानदेही करने से रोक दिया। इसके बाद तनाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। बाद में विभागों की टीम लौट आई। मंगलवार को भुंतर के साथ लगते थरास में चार जगहों पर निशानदेही करने के लिए टीम पहुंची। इस दौरान एक दोमंजिला मकान वन भूमि में पाया गया। साथ लगते भडेऊली में निशानदेही को पहुंची टीम को एक व्यक्ति ने निशानदेही करने से रोक दिया। यहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बाद में टीम आधा अधूरा कार्य छोड़ लौट गई।
अब वन विभाग पुलिस की मदद से इसकी निशानदेही करवाने की तैयारी में है। पूरे दलबल के साथ निशानदेही को पहुंची वन और राजस्व विभाग की टीम से घाटी में हड़कंप मच गया। भडेऊली में व्यक्ति के रोकने पर मौके पर माहौल गर्मा गया। हालांकि बाद में टीम वापस बैरंग लौटी। भुंतर तहसील के कानूनगो अनिल चंद ने कहा कि वन विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की राजस्व विभाग ने निशानदेही की है। इसमें दो मंजिल का एक मकान अवैध पाया गया है। वहीं, डीएफओ पार्वती हीरा लाल राणा ने कहा कि वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जाधारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
........
आज एनजीटी में होगी सुनवाई
कुल्लू। जिला मुख्यालय के उपमंडल कुल्लू के तहत आने वाले 38 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुनवाई 21 मार्च को एनजीटी में होगी। निरीक्षण टीम ने जिला मुख्यालय के रामशीला से लेकर बजौरा तक बने होटलों, लॉज, रेस्तरां व होम स्टे का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर दी है। एनजीटी के आदेश पर जांच कमेटी ने कसोल से साथ भुंतर से लेकर रामशीला के 54 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच है। इसमें 38 प्रतिष्ठानों में एनजीटी का उल्लंघन पाया गया है। इसमें कई होटल पर्यटन विभाग के बिना पंजीकरण के चल रहे थे। एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि उल्लंघन करने वाले होटलों की सुनवाई 21 मार्च को होगी।