ज्वालामुखी परिक्रमा मार्ग पर तकनीकी सर्वेक्षण करती विशेषज्ञ टीम। -संवाद
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर के परिक्रमा मार्ग की महत्वाकांक्षी परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। तकनीकी सर्वेक्षण (टोपोग्राफिकल सर्वे) पूरा होने के मात्र छह दिन बाद ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने वाली विशेषज्ञ तकनीकी टीम ने मौके पर निरीक्षण शुरू कर दिया है।
टीम ने डीजीपीएस, आरटीके आधारित सर्वे, लेवलिंग तथा अन्य आवश्यक तकनीकी आंकड़े एकत्रित करने का कार्य आरंभ कर दिया है। नगर परिषद के वार्ड नंबर-2 के पार्षद सोमेश कौशिक ने बताया कि प्रारंभिक सर्वेक्षण के तुरंत बाद डीपीआर की प्रक्रिया शुरू होना परियोजना को गंभीरता और प्राथमिकता का दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि विधायक संजय रत्तन के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और यह परियोजना भी उसी सोच का परिणाम है। पार्षद के अनुसार परिक्रमा मार्ग बनने से शक्तिपीठ आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, भीड़ प्रबंधन में बड़ी सहायता होगी तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी एक नई दिशा मिलेगी। इसके साथ ही निर्माण कार्य पूरा होने से स्थानीय व्यापार और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।