जसूर (कांगड़ा)। निर्माणाधीन कंडवाल-नूरपुर फोरलेन की उबड़-खावड़ सड़क ने नूरपुर की अनीता देवी (60) को गंभीर जोखिम में डाल दिया है। महिला के पति दर्शन कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी पत्नी पठानकोट से नूरपुर तक हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में यात्रा कर रही थी।
इस दौरान जब बस राजा का बाग और जसूर के बीच उबड़-खावड़ सड़क पर पहुंची तो बस के जोरदार झटके से उनकी पत्नी सीट से उछलकर गिर गईं, जिससे उनके रीढ़ की हड्डी में गंभीर समस्या हो गई। दर्शन कुमार ने बताया कि इस हादसे के बाद उनकी पत्नी का उपचार पिछले सप्ताह से चल रहा है, लेकिन वह अब तक बिस्तर से उठने में असमर्थ हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें उपचार के लिए मुआवजा दिलवाया जाए और सड़क की स्थिति में सुधार किया जाए।
उधर, प्रदेश मानवाधिकार मंच के सह निदेशक राजेश पठानिया ने कहा कि निर्माण कंपनी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। मगर अभी तक एनएचएआई ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। वहीं, एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि फोरलेन निर्माण कंपनी को सड़क की स्थिति सुधारने के लिए पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं।