धर्मशाला। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने जिले में राजस्व से संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में शनिवार को जिला कांगड़ा के राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधीश हेमराज बैरवा ने कहा कि राजस्व कार्यों के निपटान के लिए सभी उपमंडलाधिकारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि किसी भी स्तर पर मामले लंबित न रहें। उपायुक्त ने कहा कि तकसीम, इंतकाल, निशानदेही जैसे अनेक राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लोगों को प्रतिदिन राजस्व अधिकारियों से मिलना पड़ता है।
डीसी ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भूमि से संबंधित विषयों का सप्ताहवार एवं दैनिक आधार पर निपटान करने की कोशिश करनी चाहिए। प्रत्येक एसडीएम संबंधित उपमंडल में हर माह अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक करें, ताकि लंबित मामलों को शीघ्रता से निपटाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिन तहसीलों का राजस्व रिकार्ड ऑनलाइन नहीं हुआ है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं। इस अवसर पर एडीएम शिल्पी बेक्टा, जिला राजस्व अधिकारी राकेश कुमार सहित सभी उपमंडलों के एसडीएम उपस्थित रहे।