देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उद्योग विभाग में एक्सटेंशन आफिसर के रूप में कार्यरत महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव उनके सरकारी आवास से बरामद हुआ है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
महिला मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के हाजीपुर इलाके की रहने वाली थी। वह काफी समय से यहां अकेली रहती थी।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे देहरा के हनुमान चौक के पास बने सरकारी क्वार्टर के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी कि एक फ्लैट में अकेली रह रही अनीता पुत्री अशोक कुमार गांव बेगपुर कमलुह डाकघर धामिया तहसील दसूहा, जिला होशियारपुर, पंजाब सुबह से कमरे से बाहर नहीं निकली है।
उनके कमरे का एसी भी चल रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक उन्हें आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आखिर पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई तो देखा महिला का शव बेड पर पड़ा था। देहरा के डीएसपी अंकित शर्मा के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक लग रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।