धर्मशाला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का धर्मशाला आना हिमाचल के लिए बड़ी बात है। मंगलवार शाम को हमीरपुर से धर्मशाला पहुंचे मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत की। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था दुर्भाग्यपूर्ण है।
सीएम ने कहा कि 10 जून को राष्ट्रपति केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। 16 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के मुख्य सचिवों की धर्मशाला में दो दिवसीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। हिमाचल के लिए खुशी की बात है कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री रात को भी धर्मशाला में ही रुकेंगे। करीब सात बजे साईं मैदान में हेलिकॉप्टर से लैंडिंग करने के बाद मुख्यमंत्री ने एचपीसीए के क्रिकेट स्टेडियम में देशभर के मुख्य सचिवों के प्रस्तावित बैठक स्थल में चल रही तैयारियों का जायजा लिया।
इसके बाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह स्थल धर्मशाला कॉलेज में भी तैयारियां देखीं। सीएम ने सर्किट हाउस में व्यवस्था की जानकारी भी ली। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन महामंत्री पवन राणा भी साथ रहे।