शाहपुर (कांगड़ा)। मंडी-पठानकोट फोरलेन के विरोध में शाहपुर के लोग भी आगे आ गए हैं। वीरवार को शाहपुर फोरलेन संघर्ष समिति ने स्थानीय कांग्रेस नेता प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया के साथ जिलाधीश को फोरलेन बनने से प्रभावित लोगों को उजड़ने से बचाने के लिए ज्ञापन सौंपा। लोगों का कहना है कि यहां ट्रक ले बाईलेन नहीं बनने दी जाएगी।
गौर हो कि शाहपुर में 400 मीटर ट्रक ले वाई लेन का प्रावधान किया गया है। अगर यहां ट्रक ले बाईलेन भी बनती है, तो शाहपुर का काफी रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र उजड़ जाएगा। लोग बेघर और बेरोजगार हो जाएंगे। पठानिया ने कहा कि शाहपुर बाजार में तहसील से बंदला पुल तक ट्रक ले वाई का प्रावधान किया गया है और वहां पर 15 मीटर तक अधिग्रहण का प्रावधान किया गया है। एरिया रिहायशी एवं व्यावसायिक है और बाजार के बीच में ट्रक ले वाई लेन का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने डीसी को बताया कि वर्ष 2013 में लोकसभा में पास हुए बिल में कहा गया था कि लोगों को कीमत से पांच गुना अधिक मुआवजा दिया जाएगा। फोरलेन प्रभावित परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। पठानिया ने कहा कि जरूरत से ज्यादा भूमि अधिग्रहण किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। जो भी जमीन ली जाए, दोनों तरफ से बराबर ली जाए।
इस मौके पर प्रभावितों में मेघराज, अश्वनी शर्मा, अश्वनी चौधरी, जितेंद्र महाजन, रविंदर कुमार, संजय कुमार, रूपेश कुमार, नीना रानी, राम स्वरूप, रितेश कुमार, जोधराज, क्रांति अवस्थी, नवनीत कुमार, मोहिंद्र शर्मा, मदन राणा, देवराज, अमित कुमार व अजय कुमार, कपिल महाजन, कैप्टन तरसेम सिंह आदि उपस्थित थे।