फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्मार्ट सिटी में तीन दिन से पेयजल सप्लाई ठप, फोन नहीं उठा रहे अधिकारी

विज्ञापन
चीलगाड़ी में टैंकर से पानी भरते लोग। - फोटो : Kangra
विज्ञापन
धर्मशाला। स्मार्ट शहर और नगर निगम क्षेत्र में आने के बाद धर्मशाला निवासियों ने शायद ही कभी सोचा होगा कि उन्हें तीन-चार दिन तक लगातार पीने का पानी नहीं मिलेग। पिछले तीन दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। मजबूरन लोगों को टैंकर में पीने का पानी मंगवाकर जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। जो लोग पीने का पानी नहीं खरी सकते उनको हैंडपंप से पीने का पानी लाना पड़ रहा है।
विज्ञापन

कॉलेज में पढ़ाई करने वाले साहिल, हर्ष, मनोज, अभिषेक, रियांश, तमन्ना, और रोहित ने बताया कि लंबे समय बाद कॉलेज शुरू हुए हैं, लेकिन नहाने और खाना पकाने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है। ऐसे में न चाहते हुए भी छुट्टी करनी पड़ी। वहीं, लोगों ने आरोप लगाए हैं कि समस्या के समाधान के लिए उन्होंने स्थानीय विधायक विशाल नैहरिया और जलशक्ति विभाग के दफ्तर में फोन किया, तो उनकी कॉल ही अटेंड नहीं की।
दरअसल, भारी बारिश के कारण चार दिन पहले नड्डी से धर्मशाला शहर को पानी सप्लाई करने वाली पाइपें टूट गई थीं। इसके चलते धर्मशाला शहर और साथ लगते कुछ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। जलशक्ति विभाग धर्मशाला के एसडीओ संदीप गुलेरिया ने बताया कि पाइप लाइनों को दुरुस्त किया जा रहा है। लेकिन नड्डी और नजदीकी क्षेत्रों में बारिश के कारण बार-बार कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग ने नड्डी से पेयजल आपूर्ति करने वाली तीन में से एक पाइपलाइन को दुरुस्त कर दिया है और शुक्रवार शाम तक एक और पाइप लाइन को ठीक करके पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। तीसरी पाइप लाइन को सोमवार तक ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल, पुलिस थाना और दफ्तरों के लिए पेयजल आपूर्ति जारी है। शुक्रवार शाम तक शहर के लोगों के लिए आंशिक पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। सोमवार तक मरम्मत कार्य पूरा करके पूरी पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं विधायक विशाल नैहरिया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
विज्ञापन

-----कोट्स----
कहीं नहीं हो रही कोई सुनवाई : राजेश सूद
सिविल बाजार में रहने वाले राजेश सूद जब टैंकर से पानी लेने आए, तो उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। उन्होंने बताया कि विधायक और विभाग के अधिकारियों से इस समस्या के समाधान के लिए संपर्क करना चाहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने स्थानीय विधायक और जलशक्ति विभाग से गुहार लगाई है कि लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए।
स्मार्ट शहर में ऐसी अव्यवस्थाएं ठीक नहीं: अश्विनी
सिविल बाजार में रहने वाले अश्विनी ने बताया कि पीने का पानी उपलब्ध करवाना उन मूलभूत सुविधाओं में आता है, जो नागरिकों को मुहैया करवाना हर सरकार के लिए जरूरी हैं। धर्मशाला जैसे स्मार्ट शहर में अगर लोगों को पीने के पानी के लिए इतनी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं, तो यह स्थिति सही नहीं है।
हो सकता है फोन खराब हो : सरवण
जलशक्ति विभाग धर्मशाला के अधिशासी अभियंता सरवण ठाकुर ने बताया कि फोन न उठाने की कोई शिकायत ध्यान में नहीं आई है। कई दिनों से मौसम खराब है। ऐसे में हो सकता है कि फोन खराब हुआ हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें