कोटला। ऑनलाइन ठगी के कई मामले सामने आने के बाद भी लोग शातिरों के झांसे में आने से नहीं बच रहे। ऐसा ही एक मामला पुलिस चौकी कोटला के अंतर्गत पंचायत सिहुणी के गांव सिरमणी में पेश आया। यहां के प्रेम चंद को पना ओटीपी, आधार कार्ड, बैंक डिटेल शेयर करना भारी पड़ा गया। शातिर प्रेम चंद के खाते से दो लाख 82 हजार रुपये साफ कर गया। इस बारे में पीड़ित फौजी ने 35 दिन बाद मामला दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार प्रेम चंद को 30 जुलाई को एक अनजान व्यक्ति का फोन आया कि आपका एटीएम कार्ड ब्लॉक हो गया है। इसे फिर से बहाल करने के आपकी बैंक अकाउंट डिटेल, आधार कार्ड एवं ओटीपी की जरूरत है। प्रेम चंद ने इस अनजान फोन कॉलर के झांसे में आकर सारी जानकारी उस व्यक्ति से शेयर कर दी। पल भर में ही उनके खाते से 2.82 लाख रुपये निकलने का मैसेज आ गया। तब प्रेम चंद ने भारतीय स्टेट बैंक सिहुणी शाखा में पहुंचकर अपना खाता ब्लॉक करवाया। शाखा प्रबंधक की कोशिश से 58,800 रुपये वापिस मिल गए, जबकि 2.23 लाख रुपये प्रेम चंद के खाते से निकल गए। पुलिस ने प्रेम चंद की शिकायत पर अनजान व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोन पर न शेयर करें बैंक संबंधित जानकारी
डीएसपी जवाली सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि लोग जागरूक रहें और अपने बैंक से संबंधित किसी भी जानकारी को किसी भी व्यक्ति से शेयर न करे। जब भी बैंक संबंधित कार्य हो तो बैंक अधिकारियों से ही संपर्क करें।