धर्मशाला। नववर्ष पर पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। नववर्ष के लिए पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज को चार पुलिस सेक्टरों में बांटा गया है, जबकि 100 के करीब पुलिस जवानाें की ड्यूटी लगाई गई है।
वहीं इस दौरान मोबाइल बाइक के जरिये भी पुलिस जवान यातायात प्रबंधन पर नजर रखेंगे।
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डॉ. खुशहाल शर्मा ने बताया कि नववर्ष के आगमन पर पर्यटकों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार लंबा वीकेंड होने के कारण पुलिस जवानों को वीरवार से ही ड्यूटियों पर तैनात कर दिया गया जाएगा। अभी तक फिलहाल कोई विशेष ट्रैफिक प्लान नहीं बनाया गया है। जिस तरह से रूटीन में गाड़ियों को भेजा जा रहा है, उसी तर्ज पर गाड़ियों को जाने दिया जाएगा, लेकिन मैक्लोडगंज में लगने वाले जाम को देखते हुए गाड़ियों को बीच-बीच में रोका भी जा सकता है, ताकि सड़कों पर लंबे जाम की स्थिति न बने।
वहीं, जाम की दिक्कत से निपटने के लिए बाइक मोबाइल को भी तैनात किया गया है, जो कि सड़कों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाएंगे। होटल व्यवसायियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे कोविड के नियमों की पालना करें और रात 10 बजे के बाद डीजे आदि का प्रयोग न करें। वहीं, दूसरी ओर एएसपी कांगड़ा बद्री सिंह ने बुधवार को पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज पहुंच कर तैनात किए जाने वाले पुलिस जवानों को ड्यूटियां समझाई हैं, ताकि वे वीरवार से अपनी-अपनी ड्यूटी पर तैनाती दे सकें।