डमटाल (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा पुलिस के एडिशनल एसपी विजय सकलानी के नेतृत्व में नूरपुर और इंदौरा पुलिस की टीम ने बुधवार सुबह संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पंजाब से सटे गांव छन्नी बेली में दबिश दी। गांव में तलाशी अभियान के दौरान तीन महिलाओं को नशे की खेप सहित गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक एडिशनल एसपी विजय सकलानी, नूरपुर के डीएसपी मोहिन्द्र सिंह मन्हास, इंदौरा थाना के अतिरिक्त प्रभारी चैन सिंह, देहरा के अतिरिक्त प्रभारी सरबजीत सिंह, देहरा के सब इंस्पेक्टर मोहिंदर सिंह, डमटाल पुलिस चौकी के प्रभारी अशोक कुमार, एएसआई ईश्वर प्रसाद ने पुलिस बल के साथ छन्नी बेली में बुधवार सुबह छापामारी की। पुलिस ने पूरे गांव को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
इससे पहले लोग कुछ समझ पाते पुलिस ने गांव के तीन घरों से छापामारी के दौरान चिट्टा नामक नशीला पदार्थ बरामद करने में सफलता प्राप्त की। संतोष कुमारी पत्नी गुरभजन सिंह से 7 ग्राम चिट्टा, अनीता पत्नी अश्वनी निवासी छन्नी बेली से 11 ग्राम चिट्टा तथा परमजीत पत्नी राजिंद्र सिंह निवासी छन्नी बेली से उसकी घर के बाहर खड़ी स्कूटी से एक लिफाफे से 65 ग्राम चिट्टा नामक नशीला पदार्थ और पम्मा की तलाशी लेने पर उसके कपड़ों से 20 ग्राम कुल 85 ग्राम चिट्टा नशीला पदार्थ बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। इन तीनों महिलाओं से नशा बरामद कर इन्हें हिरासत में ले लिया गया। उधर, एडिशनल एसपी विजय सकलानी ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख के निर्देश पर नशे के कारोबारियों के खिलाफ औचक कार्रवाई की गई थी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।