धर्मशाला। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ने लगे हैं। वहीं, संक्रमितों में 18 वर्ष से कम आयु वाले बच्चे भी भारी संख्या में शामिल हैं।
जिले में बच्चों में संक्रमण के मामले बढ़ना चिंता का विषय है। सोमवार को भी जिले में 18 वर्ष की आयु से कम वाले 13 बच्चे संक्रमित हुए हैं। सीएमओ कांगड़ा डॉ- गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि सोमवार को चांदमारी के सात लोगों सहित जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण के 56 नए मामले सामने आए हैं और 42 मरीजों ने वायरस से जंग जीत ली है।
वहीं सोमवार को पपरोला के 63 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है। सीएमओ कांगड़ा ने बताया कि जिला कांगड़ा में अभी तक कोरोना संक्रमण के 47077 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 45,528 मरीजों ने वायरस को मात दे दी है। वहीं 498 एक्टिव केस रह गए हैं और 1047 मरीजों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण पाए जाते हैं तो वे तुरंत अस्पताल में जाकर अपनी जांच करवाएं। वहीं वैक्सीनेशन अभियान ने बढ़-चढ़कर भाग लें। वहीं, कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करें।