धर्मशाला में पत्रकार वार्ता करते हुए निजी स्कूल एसोसिएशन कांगड़ा के अध्यक्ष जसवंत डढवाल।
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। अगर प्रदेश सरकार ने इसी माह स्कूलों को खोलने का निर्णय नहीं लिया तो निजी स्कूल संचालक अगले माह से स्कूलों को खोल देंगे। यह चेतावनी जिला प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार को धर्मशाला में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी है।
एसोसिएशन ने आरोप जड़ा है कि प्रदेश सरकार को अपनी ही कोविड वैक्सीन पर भरोसा नहीं रहा है, इस कारण वह स्कूलों को खोलने से कतरा रही है। जिला प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान जसवंत ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार अगले महीने से स्कूलों को नहीं खोलती है तो जिला प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन अभिभावकों की मांग पर स्कूलों को खोल देगी।
उन्होंने कहा कि अभिभावक बार-बार स्कूल प्रबंधन से स्कूल खोलने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में स्कूल खोले जा चुके हैं, तो हिमाचल में स्कूलों को क्यों नहीं खोला जा रहा है। उन्होंने नर्सरी से 12वीं तक के बच्चों के लिए स्कूलों को जल्द खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई का काफी नुकसान हो रहा है। इससे पहले उन्होंने बैठक कर कार्यकारिणी का गठन किया। प्रधान जसवंत ने कहा कि 9वीं से 12वीं तक सेमेस्टर सिस्टम शुरू करने की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि प्रथम सेमेस्टर में कितना सिलेबस पढ़ाया जाए। उन्होंने प्रदेश सरकार से गुजारिश की है कि सेमेस्टर सिस्टम को अगले वर्ष से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल से स्कूल बसें खड़ी हैं, लेकिन सरकार की ओर से टोकन टैक्स और रोड टैक्स लिया जा रहा है।