धर्मशाला। ढगवार पंचायत के सचिव के तबादले को लेकर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर 11 बजे शुरू हुए धर्मशाला ब्लॉक के प्रधान-उपप्रधान संघ के धरने के आगे प्रशासन का झुकना पड़ा। धरने के एक घंट के बाद ही एडीएम रोहित राठौर ने ढगवार की पंचायत प्रधान सुषमा को तबादले की कॉपी देकर धरना खत्म करवा दिया।
मंगलवार को ब्लॉक धर्मशाला के प्रधान-उपप्रधान संघ ने एडीएम कांगड़ा को ज्ञापन सौंप कर धरने और ब्लॉक के प्रधानों की ओर से सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने देर शाम सचिव का तबादला डीआरडीए में कर दिया था।
इसकी कोई सूचना न होने पर प्रधान-उपप्रधान संघ ने बुधवार को ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर सचिव के तबादले को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने के एक घंटे बाद 12:05 बजे एडीएम राठौर ने धरना स्थल पर पहुंचकर ढगवार पंचायत की प्रधान सुषमा को तबादले की कॉपी दे दी। इसके बाद संघ ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
ढगवार पंचायत के प्रधान सुषमा ने कहा कि सचिव के तबादले के बाद पंचायत प्रतिनिधियों सहित गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। अब पंचायत प्रतिनिधि स्वतंत्र रूप से पंचायत और लोगों के कामों को कर सकते हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि पंचायत में जल्द नए सचिव की तैनाती की जाए जिसे विकास कार्यों को किया जा सके।
ब्लॉक की पंचायत में न हो तैनाती : सुरेश कुमार
ब्लॉक धर्मशाला के प्रधान-उपप्रधान संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार ने कहा कि पंचायत सचिव के तबादले की मांग को लेकर 11 बजे उपायुक्त कार्यालय में संघ के सदस्यों और ढगवार पंचायत के लोगों ने धरना शुरू किया। करीब एक घंटे बाद एडीएम ने सचिव के तबादले की कॉपी देने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि संघ की मांग है कि सचिव को अब धर्मशाला ब्लॉक की किसी भी पंचायत में न लगाया जाए।
मुझ पर लगाए सभी आरोप झूठे : नवीन
पंचायत सचिव नवीन नाग ने कहा कि नई पंचायत प्रधान अपनी मनमर्जी चलाने का प्रयास करती रही हैं, लेकिन सचिव पद पर रहते हुए उन्होंने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया। इसीलिए मेरा तबादला करवाकर ऐसे सचिव को यहां लाना चाहती हैं, जो उन्हें मनमानी करने दे। पंचायत में कार्यों के मास्टररोल जारी करने के बाद भी प्रधान काम नहीं करवा रही थी। तबादले के लिए प्रधान की तरफ से मुझ पर लगाए गए सारे आरोप झूठे हैं। इस तरह से मुझे फरवरी महीने से लगातार परेशान किया जा रहा है।