धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला और इसके आसपास के क्षेत्रों में ई-वेस्ट एकत्रीकरण के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान आरंभ किया जा रहा है। सोमवार से आरंभ होने वाले स्वच्छता सप्ताह के दौरान जिला प्रशासन ने ई-वेस्ट को घरों से इकट्ठा करने के लिए विशेष पहल की है।
सोमवार को एक विशेष वाहन भी ई-वेस्ट के एकत्रीकरण के लिए तैनात रहेगा।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि स्वच्छ हिमाचल स्वस्थ हिमाचल अभियान के तहत कांगड़ा जिला में ई-वेस्ट के एकत्रीकरण के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घरों में इलेक्ट्रॉनिक्स इत्यादि का बेकार सामान पड़ा रहता है ।
इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का निस्तारण विशेषज्ञों की मदद से ही किया जा सकता है। इसके चलते ही ई-वेस्ट एकत्रीकरण के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ई-वेस्ट देने के लिए इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं मोबाइल नंबर 80917-52848 पर संपर्क करने पर वाहन उनके घर द्वार पर ही ई-वेस्ट एकत्रित करने के लिए पहुंच जाएगा। ई-वेस्ट देने वाले किसी व्यक्ति या संस्था को न्यूनतम राशि की अदायगी भी ई-वेस्ट की एवज में दी जाएगी। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि नौ अगस्त को स्वच्छता प्रहरी दिवस मनाया जाएगा, जिसमें स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी तथा स्वच्छता दूत भी चयनित किए जाएंगे।