नगरोटा बगवां के सुन्ही में आयोजित हुई चंगर संघर्ष मोर्चा की बैठक में उपस्थित सदस्य व अन्य।
- फोटो : Kangra
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। चंगर संघर्ष मोर्चा नगरोटा बगवां सरकार से चंगर की समस्याएं उठाएगा। मोर्चा की रविवार को सुन्हीं में बैठक हुई। बैठक में लोगों को पेश आ रही दिक्कतों को शीघ्र ही सरकार व प्रशासन के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।
मोर्चा अध्यक्ष उमाकांत डोगरा ने बताया कि बैठक में पीने के पानी की समस्या, सुन्हीं एरिया में उपतहसील खोलने, जेई पीडब्लूडी, बड़ोह अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध करवाने तथा बड़ोह कॉलेज में स्टाफ की कमी को पूरा करने की मांगें उठाई गईं हैं। बैठक में कहा गया कि बड़ोह कॉलेज में मौजूदा समय में फिजिक्स लेक्चरर, पोल साइंस लेक्चरर, म्यूजिक वोकल, एलए, जेएलए, सीनियर असिस्टेंट, सुपरिंटेंडेंट आदि के पद रिक्त हैं, जिस कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों को न भरने की सूरत में मोर्चा ने बड़ोह कॉलेज के छात्रों को साथ लेकर संघर्ष का रुख अपनाने का निर्णय लिया गया है। पीने के पानी की समस्या भी बैठक में प्रमुख मुद्दा रहा। रोष व्यक्त किया गया कि सरकार व प्रशासन ने बढ़ते नल कनेक्शन के बावजूद पाइप लाइन एवं वाटर टैंक का विस्तारीकरण नहीं किया।
मोर्चा ने सरकार व प्रशासन को चेताया कि अगर समय रहते इन समस्याओं को दूर नहीं किया तो लोगों के रोष व उग्र आंदोलन का सामना करना पड़ेगा। बैठक में अध्यक्ष उमाकांत डोगरा, महासचिव राजेश धीमान, रमेश कुमार, राजीवना कुमारी प्रधान ग्राम पंचायत सुन्हीं, अनीता कुमारी व संसार चंद सहित लगभग 50 से अधिक लोगों ने भाग लिया।