धर्मशाला। जिला कांगड़ा में सड़क आधारभूत विकास निधि (नाबार्ड) के तहत 20 करोड़ रुपये की लागत से दो सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है। प्रोजेक्ट के तहत एक सड़क विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां और दूसरी सड़क शाहपुर के लिए मंजूर हुई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से दोनों सड़कों को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग की ओर से शाहपुर के लालेटा से बनू महादेव-धनोटू तक 6.185 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क निर्माण के लिए 11 करोड़ के करीब बजट को मंजूरी मिली है। जिसमें 40 मीटर का स्पैन ब्रिज का निर्माण कार्य भी शामिल है। इससे 2,587 के करीब लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं, दूसरी नगरोटा बगवां के रंगेहर-सद्दू मालमू से नीरू सड़क का निर्माण होगा। साथ ही नेरा खड्ड पर पर 19.75 मीटर का स्पेन पुल बनाया जाएगा। सड़क की लंबाई 5.2 किलोमीटर की रहेगी। नाबार्ड के तहत इस प्रोजेक्ट पर 9.56 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी मिली है। इससे क्षेत्र सहित आसपास के 800 के करीब लोगों को लाभ मिलेगा। निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद पांच साल तक सड़क का रखरखाव भी किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य का अवार्ड करने के लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है।
नाबार्ड आरआईडीएफ के तहत कांगड़ा को 20 करोड़ की दो सड़कों को मंजूरी मिली है। विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया की जा रही है जल्द की निर्माण कार्य को अवार्ड कर दिया जाएगा। कार्य को पूरा करने के लिए 18 माह का लक्ष्य रखा है।
बीएम ठाकुर, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, पालमपुर सर्किल