जसूर (कांगड़ा)। क्षेत्र में सब्जियों व फलों के दामों में भारी अंतर की शिकायतों पर एसडीएम नूरपुर डा सुरिंद्र ठाकुर ने खाद्य विभाग की टीम के साथ सोमवार को जसूर में फल-सब्जी की दुकानों और सब्जी मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान फल व सब्जियों की दुकानों में अलग-अलग दाम की शिकायतें सही पाई गईं। टीम ने सब्जी विक्रेताओं से सब्जियों के बिल तलब किए तो उन्होंने कच्चे बिल दिखाते हुए कहा कि सब्जी मंडी के आढ़ती उनको पक्का बिल नहीं देते। इस पर प्रशासन व खाद्य विभाग की टीम सब्जी मंडी जसूर पहुंची।
मंडी में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आढ़ती सब्जी विक्रेताओं को दिए जा रहे बिलों में न तो वेट और न ही मात्रा दर्ज कर रहे हैं। एमसीएमसी दिल्ली से निर्धारित दामों व सब्जी मंडी के आढ़तियों के दामों में भारी अंतर मिला। दामों को लेकर गड़बड़ी पर एसडीएम नूरपुर डॉ सुरिंदर ठाकुर ने सब्जी मंडी जसूर के प्रधान रविंद्र गुलेरिया को निर्देश कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी की सभी दुकानों में एपीएमसी से निर्धारित दाम मंगलवार से प्रदर्शित किए जाएं। भविष्य में सब्जी विक्रेताओं को पक्के बिल दिए जाएं। इस मौके पर नायब तहसीलदार देशराज, खाद्य नियंत्रक अजय कौंडल के अलावा पुलिस व प्रशासन के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।