रैहन (कांगड़ा)। फतेहपुर उपमंडल के तहत रैहन पुलिस ने शहर में दो हाईटेक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए हैं। रैहन में सीसीटीवी कैमरे लगाने की स्थानीय लोगों ने मांग उठाई थी। अमर उजाला ने लोगों की इस मांग को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इस पर प्रशासन ने रैहन में दो स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। इनसे शहर की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। ये सीसीटीवी दरिणी चौक और राजा राम मंदिर के समीप लगाए हैं। इन सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम रैहन पुलिस थाना में बनाया है। पुलिस ने इन कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से ट्रायल के तौर पर शहर की गतिविधियों पर निगरानी भी शुरू कर दी है। भविष्य में इन्हें विधिवत रूप से शुरू करवाया जाएगा।
कंट्रोल रूम में लगीं स्क्रीन पर पुलिस कर्मी जाम की स्थिति, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ऑनलाइन चालान भी किए जाएंगे। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि रैहन में सीसीटीवी कैमरों के चालू होने से अब हर गतिविधि पर पुलिस कंट्रोल रूम से नजर रख सकेगी। पुलिस इन कैमरों की मदद से रोड पर से गुजरने वाले हर वाहन पर नजर रखेगी, जो भी वाहन चालक बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग करता कैमरे में नजर आएगा, उसका ऑनलाइन चालान किया जाएगा। संवाद
अमर उजाला में प्रकाशित खबर
अमर उजाला में प्रकाशित खबर