पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर की आरठ झिकली पंचायत के बाद अब भवारना ब्लॉक की पंचायत गड़ियादा में भी आईआरडीपी की सूची को लेकर लोगों ने इसका विरोध किया है। लोगों ने साफ कहा कि जब तक पुरानी सूची को ठीक नहीं किया जाता, तब तक नई सूची नहीं बनेगी। इस बाबत लोगों ने एक लिखित शिकायत भी पंचायत को दी।
यह पंचायत इस बार घडोरल और मोरला वार्ड को मिला कर बनी है, जबकि पहले घडोरल मैंझा तो मोरला सरकारी सिद्धपुर पंचायत में था। बुधवार को पंचायत का आम इजलास था।
इस पर कोरम पूरा होने के बाद आईआरडीपी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन आईआरडीपी की सूची की बारी आते ही लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने साफ कहा कि जब तक पुरानी सूची को ठीक नहीं किया जाता, तब तक नई सूची नहीं बनने दी जाएगी। लोगों का कहना था कि पुरानी सूची में कई अपात्र लोग हैं, जो साधन संपन्न हैं। बावजूद इसके उन्हें आईआरडीपी की सूची में डाला है, जबकि आईआरडीपी सूची में पात्र लोगों का चयन होना चाहिए। लिहाजा, जब तक अमीर साधन संपन्न लोगों को बाहर नहीं किया जाता, तब तक अगली सूची नहीं बनेगी। कहा कि कई लोगों के पास घर में हर सुविधा है। बावजूद इसके वे आईआरडीपी की लिस्ट में कुंडली मार कर बैठे हैं और पात्र लोगों के हकों को मार रहे हैं, जिससे गरीब लोगों को सरकारी योजनाओं के लाभ नहीं मिल रहे हैं।
बीडीओ के पास भेज देंगे लोगों की शिकायत : प्रधान
पंचायत प्रधान सुभाषना देवी ने कहा कि पंचायत के आम इजलास में लोगों ने आईआरडीपी की सूची को लेकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। इससे आईआरडीपी सूची नहीं बन सकी। कहा कि लोगों की शिकायत को बीडीओ के पास भेज दिया जाएगा।