धर्मशाला। जिले में मंगलवार को सदरपुर गांव के सात लोगों समेत कोरोना संक्रमण के 61 नए मामले सामने आ गए हैं। वहीं, 35 मरीजों ने वायरस को मात दी है और नूरपुर के 50 वर्षीय व्यक्ति की आईजीएमसी शिमला में मौत हो गई है। अब जिला कांगड़ा में कोरोना के एक्टिव केस 523 पहुंच गए हैं।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मामलों में अब तेजी आना शुरू हो गई है। वहीं, लोगों को अब ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। मंगलवार को भी सदरपुर गांव के सात लोग, झंदोर गांव के सात लोग, जुभार गांव के दो लोग, खोरब गांव के दो लोग और अन्य क्षेत्रों के लोग संक्रमित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के नियमों की पालना से ही कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगवाई है, वे जल्द इस अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना संक्रमण को हराने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोेग करें। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में अभी तक कोरोना संक्रमण के कुल 47138 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 45563 मरीजों ने वायरस को मात दे लदी है। वहीं 1048 मरीजों की अभी तक कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई है।