धर्मशाला। नगरोटा बगवां में तीन अक्तूबर को बरामद 1.06 किग्रा चरस मामले में मुख्य सप्लायर को पुलिस ने कुल्लू से गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष टीम ने रमेश चंद (38) निवासी रोपा, डाकघर सुचियां, तहसील सैंज, जिला कुल्लू को वीरवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारी मात्रा में तस्करों को चरस उपलब्ध करवाता था। इस मामले में अभी तक चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
गौर है कि कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम ने तीन अक्तूबर को हरीश कुमार उर्फ बिट्टू (45) निवासी छतरोली तहसील नूरपुर और रोकी (34) निवासी चकधरावखान डाकघर चनग्रां तहसील और जिला कठुआ को 1.06 किग्रा चरस सहित गिरफ्तार किया गया था। इन आरोपियों से पूछताछ के बाद पांच अक्तूबर को पुलिस ने तीसरे आरोपी गौरव (29) निवासी गांव एवं डाकघर चलवाड़ा, तहसील जवाली को गिरफ्तार किया था। गौरव, रमेश चंद और रोकी का चरस तस्करी में मार्गदर्शन और समन्वय का कार्य करता था। इसके बाद पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कुल्लू जिले का मुख्य सप्लायर सक्रिय है, जो भारी मात्रा में तस्करों को चरस उपलब्ध करवाता था। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि कुल्लू के सप्लायर रमेश चंद को वीरवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद