डमटाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना इंदौरा की पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के अंतर्गत उलैहड़ियां गांव में मंगलवार रात शराब ठेके पर लूटपाट की घटना सामने आई है। पंजाब और हिमाचल की सीमा पर स्थित इस ठेके में दो बाइक सवार युवकों ने दराट और पिस्तौल दिखाकर चार हजार रुपये की लूट को अंजाम दिया। शराब की दुकान के सेल्जमैन कृष्ण चंद ने बताया कि वह दुकान में पूरे दिन की सेल का पर्चा बना रहा था, तभी दो युवक बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे। उनमें से एक युवक पगड़ी पहने हुआ था।
दोनों युवक दराट और पिस्तौल के साथ दुकान में घुसे और कृष्ण चंद को जान से मारने की धमकी देते हुए पैसे मांगने लगे। युवकों ने गल्ले में रखे करीब 4000 रुपये लूटे और फिर पंजाब की सीमा में प्रवेश कर भाग गए। पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के प्रभारी चमन कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।