जयसिंहपुर (कांगड़ा)। टिक्कर में शुक्रवार को तेंदुए के हमले में दो भेड़ों की मौत हो गई, जबकि एक भेड़ घायल हो गई। लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह आठ बजे वंदना कुमारी ने पशुशाला की साफ-सफाई के बाद भेड़ों व अन्य पशुओं को पशुशाला के बाहर खूंटे से बांध दिया। अभी वंदना घर पहुंची ही थी कि भैंस की आवाज उसे सुनाई दी। वह फिर से अपनी पशुशाला लौट आई। उसने वहां पर देखा तेंदुए ने भेड़ों पर हमला कर दिया था और भेड़ें बुरी तरह से घायल थीं। महिला के शोर मचाने पर तुरंत लोग वहां पहुंच गए। तेंदुआ वहां से भाग गया। भेड़ों को जयसिंहपुर लाया गया, जहां दो भेड़ों की मृत्यु हो गई।
पंचायत प्रधान रक्षा देवी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही तेंदुए के आतंक से भी लोगों को मुक्ति दिलाने की मांग की है ।