बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल की सेहल पंचायत के गांव अपर लगूण के महिला मंडल की प्रधान पूनम देवी के नेतृत्व में सेहल चौक तक शराब और अन्य नशाखोरी के खिलाफ रैली निकाली गई ।
इस दौरान महिला मंडल की प्रधान पूनम ने कहा कि सेहल में 6-7 दुकानों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे कई परिवारों में हर रोज औरतों के साथ मारपीट, लड़ाई झगड़े बढ़ रहे हैं।
इसके अलावा गांव में खेल मैदान और सेहल स्कूल के आसपास जुआ खेला जा रहा है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इस रैली के माध्यम से महिला मंडल सरकार और बैजनाथ प्रशासन से मांग करता है कि इन अपराधियों पर शिकंजा कसा जाए। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन कोई कदम नहीं उठाता है तो पंचायत के महिला मंडल की सदस्य एसडीएम कार्यालय में इनके खिलाफ आंदोलन करेंगी। इस दौरान भूमा देवी, पूनम देवी, उषा देवी, धूमा देवी, रेखा, राजकुमारी, रोशनी देवी, प्रेमलता, सीमा, अंजना, सीमा कपूर, कुंती, सावित्री, स्नेहलता, बबली, सुभद्रा, सुनीता, रीना आदि मौजूद रहीं।