मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को 1 करोड़ रुपए का चेक भेंट करते विधायक रमेश धवाला
- फोटो : Kangra
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर परिसर में वीरवार को मंदिर न्यास ज्वालामुखी की विशेष बैठक जिलाधीश कांगड़ा एवं आयुक्त मंदिर डॉ. निपुण जिंदल की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि नवरात्र में मंदिर सुबह 4 बजे खुलेगा और रात के 12 बजे तक श्रद्धालु माता के दर्शन कर सकेंगे, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में इकट्ठी न हो सके। बैठक में दो अप्रैल से शुरू हो रहे चैत्र माह के नवरात्रों को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। वहीं, बंद पड़े विकास कार्यों और धीमी गति से चल रहे कार्यों पर कड़ा संज्ञान लिया गया और अधिकारियों को शीघ्र ही काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। तारा देवी मंदिर की कैनोपी का शीघ्र काम शुरू करने को कहा गया। प्राचीन एवं ऐतिहासिक टेढ़ा मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। प्राचीन भैरव मंदिर के जीर्णोद्धार और वहां से अंबिकेश्वर महादेव मंदिर तक की सड़क को शीघ्र बनाने, टेढ़ा मंदिर की दोनों सड़कों को शीघ्र ठीक करने और वहां के पुराने हो चुके भवनों को ठीक करने, अकबर की नहर का सौंदर्यीकरण, मंदिर के प्राचीन हो चुके गुंबद की मरम्मत करवाने, शैया भवन के पीछे से मंदिर जाने वाले रास्ते का निर्माण करने और शेड बनाने के निर्देश दिए गए। इसमें स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुलिस उप अधीक्षक पुनीत रघु, एसडीएम ज्वालामुखी मनोज ठाकुर, डीएसपी ज्वालामुखी चंद्रपाल सिंह, थाना प्रभारी ज्वालामुखी सुरेंद्र धीमान, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग रघुवीर सिंह, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग प्यारेलाल, खंड विकास अधिकारी चतर सिंह, एसीएफ ज्वालामुखी मंदिर राजेंद्र कुमार, नगर परिषद ज्वालामुखी के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, कार्यकारी अधिकारी हितेश शर्मा और मंदिर न्यास ज्वालामुखी के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य पुजारी वर्ग कर्मचारी वर्ग, व्यापार मंडल ज्वालामुखी के अध्यक्ष अनीश सूद आदि उपस्थित रहे।