नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। जवाली विधानसभा के विकासखंड नगरोटा सूरियां की पंचायत वनतुंगली निवासी केंठू राम का मकान अचानक गिर गया। गनीमत यह रही कि मकान दिन में गिरा और अंदर कोई नहीं था, नहीं तो कोई बड़ी दुर्घटना हो जाती। कोई भी दूसरा आशियाना नहीं होने के कारण केंठू राम का परिवार अब खुले में खेतों में समान रख कर सोने को मजबूर है। गरीब केंठू राम अपंग है और उसका बेटा दिहाड़ीदार है।
परिवार में नौ सदस्य हैं। ऐसे में उन्हें परिवार पालने में पहले ही परेशानी उठानी पड़ रही है और अब मकान गिरने से उसकी मुसीबत और बढ़ गई है। उधर, पंचायत वनतुंगली उपप्रधान रामस्वरूप सिंह ने कहा कि केंठू राम का मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। पटवारी ने मौके पर रिपोर्ट बना कर तहसीलदार को भेज दी है। पंचायत प्रतिनिधि तहसीलदार से मिलकर केंठू राम के रहने की अस्थायी व्यवस्था करवाई जाएगी।