थुरल तहसील के लाहड़ डूहक में जला दो कमरों का मकान
- फोटो : Kangra
थुरल (कांगड़ा)। पंचायत डूहक के गांव लाहड़ में बुधवार देर रात एक बजे दो मंजिला कच्चे मकान में आग लग गई। इससे मकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात मकान के ऊपरी हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। मकान के अंदर सोए परिवार के सदस्यों को स्लेट टूटने की आवाज सुनाई दी, जब बाहर निकले तो देखा कि मकान में आग लगी हुई है। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और आग बुझाने में जुट गए। इसकी सूचना थुरल पुलिस चौकी को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस चौकी प्रभारी जतिंद्र कुमार ने अपनी टीम सहित गांववालों की सहायता से आग पर काबू पाया। तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस मकान में तीन परिवार रहते हैं। पीड़ित परिवारों के सदस्यों छन्नो देवी, छैंको राम, सुदर्शन कुमार, सुरजीत कुमार पुत्र जोगराज व पूर्णी देवी ने बताया कि इस आग से लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस चौकी प्रभारी जतिंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट लग रहा है। पुलिस ने आग लगने के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
वीरवार सुबह तहसीलदार थुरल जगदीश चंद कार्यालय कानूनगो सतिंद्र आहलूवालिया, वरिष्ठ सहायक मुल्तान सिंह, हल्का पटवारी शिवचरण और जिला पार्षद राजेश धीमान मौके पर पहुंचे। पटवारी ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट दे दी है। तहसीलदार जगदीश चंद ने प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को 10 हजार रुपये की राशि राहत के तौर पर दी। जिला पार्षद राजेश धीमान ने पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया कि उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।