अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पुलिस ग्राउंड में आयोजित होने वाले आठ दिवसीय कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव-22 का दो जून को सायं 8:00 बजे शुभारंभ करेंगे। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि इस अवसर पर विधायक विशाल नैहरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हारमोनी ऑफ पाइन्स (हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड), मन्नत नूर और तिब्बती प्रदर्शन कला संस्थान की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि तीन जून को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी और नाटी किंग कुलदीप शर्मा, गीता भारद्वाज और प्रभजोत अपनी प्रस्तुति देंगे। उपायुक्त ने बताया कि चार जून को वन, युवा एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया तीसरी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहेंगे। कांगड़ा आईडल के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कुमार साहिल और निधि रस्तोगी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।