धर्मशाला। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की ओर से 24 अप्रैल यानी पंचायती राज दिवस पर देशभर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पंचायतों, राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार के लिए जिला कांगड़ा के विकास खंड बैजनाथ की पंचायत घोड़पीठ को लगातार दूसरी बार चयनित किया गया है।
घोड़पीठ पंचायत को दो श्रेणियों दीन दयाल उपाध्याय पंचायत शक्तीकरण पुरस्कार और नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार मिलेगा। पंचायत राज प्रणाली के तहत ग्राम सभाओं में स्थानीय लोगों की भागीदारी और इनमें लिए गए फैसलों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से उतारने के लिए घोड़पीठ पंचायत को यह सम्मान दिया गया है। ऑनलाइन आवेदन के बाद पहले राज्य और बाद में केंद्र से आई टीम ने पंचायत का दौरा कर मूल्यांकन किया था। अब दोनों पुरस्कारों में पंचायत को 15 लाख रुपये की नकद इनामी राशि से सम्मानित किया जाएगा। जिला पंचायत अधिकारी अश्वनी कुमार शर्मा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के जिला सांबा में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में पंचायत घोड़पीठ की प्रधान मंजू देवी यह पुरस्कार सम्मान प्राप्त करेंगी।
दो साल में 30 लाख की इनामी राशि से मिली विकास को रफ्तार
पंचायती राज व्यवस्था के तहत बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए घोड़पीठ पंचायत को पिछले साल भी इन्हीं दोनों श्रेणियों में 15 लाख रुपये की इनामी राशि से सम्मानित किया गया था। जिला पंचायत अधिकारी अश्वनी कुमार शर्मा ने बताया कि दो साल में मिले 30 लाख रुपये से घोड़पीठ पंचायत के विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले साल मिले 15 लाख रुपये से एक लाख लीटर क्षमता वाला पेयजल टैंक बनाने में मदद मिली थी। इससे दो गांवों में हमेशा के लिए पेयजल समस्या दूर हो गई। अन्य विकास कार्यों में भी इससे फंड्स की कमी दूर की गई है।
हर पंचायत को करना चाहिए आवेदन: अमित
पंचायत सचिव ने बताया कि बहुत सी पंचायतें इस क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रही हैं, लेकिन पर्याप्त जानकारी के अभाव में वह इस तरह के सम्मान से वंचित रह जाती हैं। ऑनलाइन आवेदन के दौरान अन्य पंचायतों को भी इसमें हिस्सा लेना चाहिए।