धर्मशाला की धौलाधार पहाड़ियों पर हुआ हिमपात। अमर उजाला
धर्मशाला। सितंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम के करवट बदलते ही धौलाधार पर्वतमाला की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है, जबकि कांगड़ा जिले के विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह से दोपहर तक रुक-रुक कर बारिश जारी रही। बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे धर्मशाला समेत समूचे क्षेत्र में अचानक ठंड बढ़ गई है। सोमवार को लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।
धर्मशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के बाद दोपहर करीब तीन बजे बारिश थमी और हल्की धूप निकली। इस बेमौसमी बारिश ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। जिले के निचले व मैदानी इलाकों में धान की फसल पूरी तरह पककर तैयार है और कटाई का काम शुरू होने वाला है।
ऐसे समय में बारिश से खड़ी फसल के बिछने और दानों में नमी आने से पैदावार की गुणवत्ता प्रभावित होने का अंदेशा है। खेतों में कीचड़ और पानी भरने से कटाई कार्य भी प्रभावित होगा। उधर, कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन खेतों में हरी सब्जियां लगाई गई हैं, वहां बारिश का पानी कतई जमा न होने दें। जलभराव से बीज और छोटे पौधों की जड़ें गलने का खतरा रहता है, लिहाजा किसान मेड़ तोड़कर तुरंत पानी की निकासी सुनिश्चित करें।