बैजनाथ (कांगड़ा)। नगर परिषद (नप) बैजनाथ-पपरोला में सरकारी धन के दुरुपयोग और चहेतों को लाभ पहुंचाने का मामला सामने आया है। सड़क और नाली सुधार के लिए स्वीकृत बजट को एक पूर्व पार्षद के निजी फायदे के लिए उनके घर पर रिटेनिंग वॉल के निर्माण में खर्च कर दिया गया। मामले में नप की अध्यक्ष आशा भाटिया सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस थाना बैजनाथ में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) ने इस संबंध में शिकायत पर दर्ज करवाई है। आरोप है कि वर्ष 2021 से 2025 के कार्यकाल के दौरान आपसी मिलीभगत से सरकारी खजाने को चूना लगाया गया। सात दिसंबर, 2023 को वार्ड नंबर 9 में सड़क और नाली सुधार के लिए प्रस्ताव संख्या 322 पारित हुआ था।
लेकिन जांच और राजस्व रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उस बजट से पूर्व पार्षद राजेश कुमार के घर के पास रिटेनिंग वॉल खड़ी कर दी गई। यह कार्य न केवल स्वीकृत योजना के विपरीत था, बल्कि पूरी तरह से निजी लाभ के उद्देश्य से किया गया था। बता दें कि जुलाई 2025 में नगर परिषद के 5 पार्षदों ने विकास कार्यों में धांधली की शिकायत एसडीएम संकल्प गौतम से की थी। इसके बाद एसडीएम ने ईओ को जांच के आदेश दिए थे, जबकि दूसरी तरफ विजिलेंस ने भी मामले की समानांतर जांच की थी। करीब दो माह पहले विजिलेंस ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर 2 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दी गई।
पुलिस ने इस मामले में अध्यक्ष आशा भाटिया, तत्कालीन सचिव आदित्य, कनिष्ठ अभियंता (जेई) और वार्ड नंबर 9 के पूर्व पार्षद राजेश कलेडी को नामजद किया है। थाना प्रभारी यादेश ठाकुर और एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने कहा कि विकास कार्यों में अनियमिताओं को लेकर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रहे हैं।