धर्मशाला। जिला कांगड़ा में बुधवार रात और वीरवार सुबह हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। धर्मशाला में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री तक पहुंच गया है। वीरवार सुबह बिजली गिरने से धर्मशाला के साथ लगते नरघोटा में करीब छह से सात मकानों के बिजली उपकरण जल गए हैं और कई घरों में दरारें भी आ गई हैं। इस वजह से लोगों को काफी नुकसान हुआ है। लोगों के घरों के पंखे, फ्रिज, टीबी, लाइटें और बिजली मीटर तक जल गए हैं।
तहसीलदार धर्मशाला गिरिराज ने बताया कि वीरवार को पटवारी ने मौके पर जाकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सरकार को भेज दी है। बुधवार रात से शुरू हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत को मिली है, लेकिन बारिश ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी है। कई क्षेत्रों में धान की फसल की कटाई शुरू हो गई है और धान की काटी फसल बारिश के भीग गई है। इसके अलावा मौजूदा समय में हरी सब्जियों को लगाने का सीजन लगा हुआ है। ऐसे में किसानों ने खेतों में हल चलाया है और बारिश के खेत गिले हो गए हैं। अब किसानों को सब्जियां लगाने के लिए खेत सूखने का इंतजार करना होगा।