चंबा। हिम आंचल पेंशनर संघ चंबा की बैठक करियां में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधान शिव कुमार कौड़ा ने की। बैठक में पेंशनरों की मांगों और समस्याओं पर चर्चा की गई और आगामी रणनीति तैयार की गई।
पदाधिकारियों ने बताया कि संघ अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से पत्राचार सरकार से करता आया है, मगर अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। बताया कि 1 जनवरी 2016 से पेंशन में संशोधन हुआ है, लेकिन अभी तक बढ़ी हुई पेंशन नहीं मिल पाई है। इसके अलावा लीव इन कैशमेंट, ग्रैच्युटी आदि के लाभ नहीं मिल पाए हैं। महंगाई भत्ते की किस्तों की अदायगी भी नहीं हुई है। इसके अलावा 21 महीने का एरियर की बकाया राशि का भुगतान किया जाना शेष है। सरकार ने इस ओर कोई कदम नहीं उठाया है। इससे पेंशनरों में काफी रोष है।
पदाधिकारियों ने बताया कि पेंशनरों के चिकित्सा बिल भी लंबित हैं। इस कारण पेंशनरों को बुढ़ापे के दौर में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पेंशनरों की मांगों को प्रमुखता से पूरा किया जाए। पेंशनरों ने सरकार से मांग की है कि राजस्थान की तर्ज पर 61 वर्ष से पेंशन भोगियों की बेसिक में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए। 62 वर्ष की आयु पर तीन प्रतिशत, 63 वर्ष पर चार प्रतिशत देने का निर्णय प्रदेश में भी लागू किया जाए।