रक्कड़ (कांगड़ा)। मूही पंचायत में सोमवार रात 45 वर्षीय व्यक्ति की एक सड़क हादसे मे मौत हो गई। मृतक की पहचान कृष्ण चंद शर्मा पुत्र नानक चंद गांव लडोआ के रूप में हुई है। वह कई वर्षों से अपने परिवार सहित गरली में किराये के मकान में रह रहा था। मृतक कृष्ण चंद के साले सचिन शर्मा ने रक्कड पुलिस को हादसे की शिकायत सौंपी।
शिकायत में सचिन शर्मा ने बताया कि सोमवार देर रात ढलियारा से कृष्ण चंद स्कूटी में सवार होकर अपने घर आ रहे थे, तो अचानक करीब दो किलो मीटर पीछे मूही में कोई अज्ञात वाहन चालक उन्हें टक्कर मार कर फरार हो गया है। मूही में रात को घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति पर किसी राहगीर की अचानक निगाह पड़ी, तो उसने कृष्ण चंद की जेब से मोबाइल फोन निकाल कर उनके रिस्तेदारों को इसकी सूचना दी। साथ ही रक्कड़ पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचित किया। वारदात का पता चलते ही ज्यो ही रक्कड़ पुलिस घटना स्थल पर पहुंची, तो इससे पहले ही एंबुलेंस बुलाकर स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर उपचार के लिए उसे देहरा अस्पताल पहुंचा दिया था। लेकिन, वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रक्कड़ पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मगंलवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस थाना रक्कड़ सुरेश कुमार ने बताया कि कृष्ण चंद के साले सचिन शर्मा की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।