सीएम की रैलियों में कटी 50 लोगों की जेबें
नम्होल और नौणी चौक पर जेब कतरों ने मचाया आतंक
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। सीएम जयराम ठाकुर के बिलासपुर दौरे के दौरान जेब कतरों ने जमकर आतंक मचाया। नम्होल व नौणी चौक पर जेब कतरों ने करीब 50 लोगों की जेबें काट कर करीब दो लाख रुपये की नकदी उड़ा ली। हालांकि अभी तक इस संदर्भ में लोगों ने पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। कई लोगों के जरूरी कागजात भी जेब कतरे अपने साथ ले गए।
पीड़ित कृष्ण लाल, बाबू राम चौधरी, कमल चौधरी, चंचल ठाकुर ने बताया कि वे नौणी चौक पर सीएम के स्वागत के लिए खड़े थे। जब कुछ देर बाद उन्होंने अपना पर्स निकालना चाहा तो गायब मिला। अन्य लोगों के भी पर्स गायब हुए हैं। पीड़ितों का कहना है कि उनके पर्स में नकदी के साथ जरूरी कागजात थे। जिसे जेबकतरे अपने साथ ले गए हैं। कृष्ण लाल ने बताया कि नम्होल से भी कुछ लोगों के फोन आए जिन्होंने बताया कि उनकी भी जेबें कटी हैं।
एसपी बिलासपुर अंजुम आरा का कहना है कि पुलिस के पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।