अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। क्षेत्र में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अज्ञात चोरों ने शुक्रवार देर रात पेट्रोल पंप के सामने स्थित गुप्ता स्पेयर पार्ट्स की दुकान के ताले तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया है।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर मौके का दौरा किया। दुकान के मालिक संदीप महाजन ने बताया कि शनिवार सुबह वे हर रोज की तरह दुकान खोलने लगे तो दुकान के एक तरफ के शट्टर के ताले टूटे थे। शटर के समीप ही दस-दस रुपये के नोट पड़े हुए थे। अंदर जाकर देखा तो टायर की एक धांक के आधे से अधिक टायर गायब थे। चोर करीब पांच लाख रुपये के 65 टायर, 16 बैटरियां, सीसीटीवी कैमरों का (डीवीआर) रिकॉर्डर और एलईडी के अतिरिक्त इंजन ऑयल के डिब्बे सहित अन्य सामान उड़ा ले गए हैं। इससे पूर्व भी बैजनाथ के अस्पताल रोड में मनियारी और पपरोला पेट्रोल पंप के समीप इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के ताले तोड़कर सामान ले गए थे। इसके अलावा चोरों ने महाराजा पैलेस के समीप स्थित घरों के ताले दिन में ही तोड़ दिए थे। हालांकि, चोर सामान ले जाने में नाकामायाब रहे थे। वहीं, तरेहल गांव में भी शाम को ही चोर घर में घुस गए थे और शोर मचाने पर भाग गए थे। उधर, डीएसपी पूर्ण चंद ने बताया कि चोरी किए गए सामान की सूची ली जा रही है। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।