धर्मशाला। जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमण के कुल 44 मामले सामने आए हैं। वहीं, 98 संक्रमित मरीजों ने वायरस से जंग जीत ली है। इसके अलावा शनिवार को तीन लोगों ने कोरोना संक्रमण से दम तोड़ दिया है।
कोरोना से मरने वालों में पालमपुर के खलेट के 67 वर्षीय बुजुर्ग, धर्मशाला के नोरबुलिंगा के 54 वर्षीय व्यक्ति और हमीरपुर के पनियाली गांव के 70 वर्षीय बुजुर्ग जो कि टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन थे, की मौत हो गई।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि जिला कांगड़ा में अभी तक कोरोना संक्रमण के कुल 51,094 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें से 49,424 संक्रमित मरीजों ने वायरस से जंग जीत ली है। वहीं, 1136 संक्रमित मरीजों की कोरोना के कारण मौत हो गई है। वहीं, अब जिले में कोरोना के एक्टिव केस 524 पहुंच गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों की वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगाई है, वे जल्द अपने नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन लगवाएं।