Breaking the locks of three Shiva temples of Dak Panchayat, cash theft
राजा का तालाब (कांगड़ा)। उपतहसील राजा का तालाब की पुलिस चौकी रैहन की ग्राम पंचायत डक में शनिवार रात तीन शिव मंदिरों में चोरों ने दान पात्र तोड़कर नकदी चोरी कर ली है।
शिव मंदिर ठंगर के संचालक सेवानिवृत्त सूबेदार शरण दास ने बताया कि रविवार सुबह जब वे रोज की दिनचर्या अनुसार कपाट खोलने के लिए मंदिर के मेन गेट पर पहुंचे और उन्होंने जैसे ही ताला खोलने की कोशिश की तो वह नहीं खुला।
इस बीच उन्होंने छोटे गेट के ताले को जमीन पर पड़े हुए देखा। इस बात को दिमाग में लाकर कि शायद रात को छोटे गेट का ताला लगाने में कोई भूल हो गई होगी। जब उन्होंने मंदिर में प्रवेश किया तो दान पात्र के ताले जमीन पर पड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि भंडारे पर दान पात्र से राशि निकाल ली गई थी, जबकि दानपात्र में लगभग 25 दिन की दानराशि पड़ी थी। वहीं डक पंचायत की महिला मंडल प्रधान दीप माला ने बताया कि उनके डक गांव के स्वयं भू प्रकट सरोवर महादेव मंदिर में भी चोरों ने दानपत्र को उठाकर साथ लगते पटवार घर के बाहर फेंका था। उनके अनुसार दान पात्र में दान राशि के अलावा छोटे-छोटे लगभग तीन दर्जन चांदी के नाग और कुछ दान की राशि थी। उनके अनुसार साथ लगते एक अन्य शिव मंदिर में भी चोरों ने दान पात्र को खंगाला, परंतु वहां उन्हें कुछ नहीं मिला। इस बीच जानकारी मिलने के बाद रेहन पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस छानबीन कर रही है।