धर्मशाला। मैदानी इलाकों में गर्मियां बढ़ते ही मैक्लोडगंज के भागसू स्थित वाटलफॉल में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। साथ ही कोविड नियमों में रियायतें मिलते ही अब धर्मशाला और मैक्लोडगंज की ओर पड़ोसी राज्यों के सैलानी रुख करने लगे हैं। सोमवार को भी मैक्लोडगंज में पर्यटकों को सड़कों पर और भागसूनाग स्थित वाटरफॉल में घूमते देखा गया।
बड़ी संख्या में पठानकोट, जालंधर, लुधियाना और नूरपुर उपमंडल के लोग तपिश से निजात पाने के लिए वाटरफॉल आ रहे हैं। हालांकि अभी जिला कांगड़ा में सभी होटल और रेस्तरां बंद पड़े हुए हैं और होटल मालिक पर्यटकों को कमरे नहीं दे रहे हैं। बावजूद इसके पर्यटक गर्मियों से निजात पाने के लिए ठंडे इलाकों का रुख कर रहे हैं। साथ ही समय रहते अपने वाहनों में वापस चले जा रहे हैं। उधर, होटल एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अश्विनी बांबा का कहना है कि अभी तक जिला कांगड़ा में होटलों को पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है। वहीं कुछेक रेस्तरां खुले हैं, जो केवल लोगों को खाना पैक कर के दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय होटल पूरी तहर से खाली हैं।
निगेटिव रिपोर्ट है ठहर सकेंगे होटल में
वहीं पर्यटन निगम कांगड़ा के एजीएम केडी वर्मा ने बताया कि अगर बाहरी राज्यों के पर्यटक आरटी पीसीआर की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट लेकर आता है तो उन्हें निगम के होटलों में आने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल के किसी भी जिले से आने वालों को निगम के होटलों में कोरोना की रिपोर्ट दिखाने की जरूरत नहीं है।