धर्मशाला। जिला कांगड़ा में अब कोरोना संक्रमण के मामले काबू में आने लगे हैं। वहीं स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। साथ ही कोरोना संक्रमण के कारण मरने वालों के आंकड़े थमने लगे हैं। सोमवार को जिले में कछियारी के 14 लोगों सहित 130 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और 373 मरीजों ने वायरस को मात भी दी है। वहीं लगातार तीसरे दिन भी चार मरीजों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई है।
सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि संक्रमितों में धनियारा के छह लोग, तपेहर के दो लोग, बूसल के पांच, ढुगियारी के दो, कछियारी के 14, मटयाल के चार, धनोटू के दो, नंदपुर के तीन और जिला कांगड़ा के अन्य क्षेत्रों के लोग संक्रमण का शिकार हुए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों में लोअर लंबागांव की 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की टांडा अस्पताल, झियोल के 62 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की एमएच योल, बसनूर के 74 वर्षीय व्यक्ति की होम आइसोलेशन और चैतड़ू की 75 वर्षीय महिला की भी होम आइसोलेशन के दौरान मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि अब तक जिले में कोरोना के कुल 44614 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 41897 मरीजों ने वायरस को मात दे दी है। वहीं 1730 मरीजों का उपचार चल रहा है और 983 लोगों की मौत दर्ज की गई है।