धर्मशाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धर्मशाला दौरे को लेकर कांगड़ा जिले में 15 से 17 जून तक हवाई गतिविधियों पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। पीएम दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और धर्मशाला आने वाले गणमान्यों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने इस संबंध में धारा 144 (2) के तहत प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए ये निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया है कि पीएम नरेंद्र मोदी 16 जून को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में शुरू हो रहे मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में शिरकत करने आ रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा कारणों के चलते 15 जून रात 12:00 बजे से 17 जून तक पैराग्लाइडिंग, ड्रोन फ्लाइंग, हॉट एयर बैलून गतिविधियों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही पीएम के सुरक्षित हवाई सफर में बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए जिला कांगड़ा की सीमाओं में एयरो स्पोर्ट्स/ एयरबोन गतिविधियां, हेलीकॉप्टर्स उड़ाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन के आधार पर गणमान्य व्यक्तियों की निगरानी और सुरक्षा के उद्देश्य से भारत के प्रधानमंत्री की सुरक्षा में प्रतिनियुक्त कर्मियों की ओर से ही ड्रोन उड़ाया जा सकेगा। इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति, प्राधिकरण या संगठन पर आईपीसी की धारा 188 के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।