केंद्रीय अनुराग ठाकुर का स्वागत करते विस अध्यक्ष विपिन सिंह परमार
- फोटो : Kangra
पालमपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं और खेलमंत्री अनुराग ठाकुर का सुलह हलके के अरला में विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यहां लोगों को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भव्य एवं शानदार स्वागत और आशीर्वाद के लिए आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि अनुराग के रूप में प्रदेश के हर नागरिक को मान-सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में हर वर्ग, ओबीसी, एससी, एसटी, अल्पसंख्यक और महिलाओं को स्थान दिया गया है और यह पहली बार हुआ है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के हर वर्ग का ध्यान रख कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। देश के किसानों को डेढ़ लाख करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण से बचाव के लिए देश में ही दो दो वैक्सीन नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत में तैयार कर लोगों को निशुल्क लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें केंद्र में बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी गई है। इसे यह हिमाचल के बेटा पूरी मेहनत और जिम्मेदारी से निभाकर प्रदेश का नाम रोशन करेगा। प्रदेश को खेल हब के रूप में पहचान दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे और खेलों की दृष्टि से प्रदेश के हर जिले में सुविधाओं का सृजन और विकास किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेश के कैबिनेट में स्थान के आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर का अनुभव देश और प्रदेश के विकास काम आएगा। विपिन सिंह परमार ने कहा कि भारत के मंत्रिमंडल में अनुराग ठाकुर के कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल होना प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव और हिमाचल के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर युवाओं के मार्गदर्शन की भूमिका में अविस्मरणीय कार्य किया है और प्रदेश को खेलों में अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि राज्य वित्त मंत्री के रूप भारतीय अर्थव्यवस्था के सुधार में सराहनीय कार्य किया है। कार्यक्रम में वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद राज्य सभा इंदु गोस्वामी, विधायक मुल्ख राज प्रेमी और रवींद्र धीमान, भाजपा प्रदेश महासचिव त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, विनय शर्मा, मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा, महामंत्री सुखदेव मसंद और विपिन जम्वाल, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य तनु भारती सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।